पं. बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के विकास के लिए हर संभव मदद उपलब्ध करवायेगी सरकारः राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष
राज्यपाल ने हेल्थ यूनिवर्सिटी को स्वैच्छिक कोष से 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के महामहिम राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पं. बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के विकास के लिए हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी। विवि में उच्च गुणवत्ता शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया है। वे प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत ढांचा को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे। प्रो. असीम कुमार घोष ने विवि को बच्चों की शिक्षा एवं स्वच्छ पेयजल तथा मरीजों के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से 5 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की।
महामहिम राज्यपाल स्थानीय पं. बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि परिसर में फैकल्टी सदस्यों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रो. असीम कुमार घोष विवि के चांसलर भी है। विवि परिसर पहुंचने पर विवि प्रशासन द्वारा राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष तथा उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री से ज्यादा बजट अलॉट करने बारे बात की है। सरकार नागरिकों को गुणवत्ता परक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। नागरिकों को सरकारी अस्पतालों में निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कदम उठाये जा रहे है।
कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष तथा उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष का स्वागत करते हुए विवि की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विवि को ग्रीन यूनिवसिर्टी बनाने की दिशा में अनेक कदम उठाये गए है। सरकार द्वारा शुरू की गई सभी स्वास्थ्य योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने उपलब्ध सुविधाओं तथा नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल के एडीसी स्क्वाड्रन लीडर मोहन कृष्णा, एसएमओ डॉ. राकेश तलवार, व्यक्तिगत सहायक शंख चटर्जी व राहुल डागर, महम के उपमंडलाधीश मुकुंद तंवर के अलावा डॉ. एमजी वशिष्ट, डॉ. ध्रुव चौधरी, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. सविता सिंघल, डॉ. वरूण अरोड़ा सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
बॉक्स -
राज्यपाल असीम कुमार घोष ने सामान्य अस्पताल, रोहतक का भी दौरा कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। राज्यपाल ने आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण कर उपचाराधीन मरीजों से सुविधाओं बारे बातचीत की। इसके उपरांत उन्होंने बच्चों के वार्ड का भी निरीक्षण किया। अस्पताल के स्टाफ से बातचीत कर जानकारी प्राप्त की। अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां के बारे में भी राज्यपाल ने जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ से चुनौतियां व मांग के बारे में भी फीडबैक ली। राज्यपाल असीम कुमार घोष व उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष ने सरकार की आयुष्मान भारत योजना के दो लाभार्थियों को कार्ड भी वितरित किए। इससे पहले राज्यपाल व उनकी धर्मपत्नी ने सामान्य अस्पताल परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ रमेश चंद्र ने राज्यपाल को अस्पताल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पीएमओ डॉ. रेनू व अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे।

Girish Saini 

