सीता जन्म की लीला ने मोहा मन, जय श्री राम से गूंजा रामलीला पंडाल

सीता जन्म की लीला ने मोहा मन, जय श्री राम से गूंजा रामलीला पंडाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पुरानी आईटीआई मैदान में श्री रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव एवं दशहरा मेले के चौथे दिन सीता जन्म, अहिल्या उद्धार, जनक बाजार और गौरी पूजन की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

सीता जन्म प्रसंग में मिथिला में अकाल के दौरान राजा जनक को भूमि जोतते समय कलश में कन्या प्राप्त होने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। राजा जनक द्वारा कन्या को पुत्री के रूप में स्वीकार करने के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहना मिली।

भाजपा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल के सानिध्य में हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, कमेटी के मुख्य संरक्षक राजेश जैन, समाजसेवी राजेंद्र बंसल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने रामलीला का विधिवत शुभारंभ किया और भगवान श्रीराम की संगीतमय महाआरती की। रंग बिरंगी आतिशबाजी ने आयोजन की रौनक बढ़ाई।

कमेटी द्वारा धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन के साथ मेले में स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर जैसी सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। साथ ही दर्शकों को अंगदान, पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। बच्चों के लिए झूले आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले में लजीज व्यंजनों और अन्य वस्तुओं के स्टालों पर दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है।