रंगमंच के अनुभव से अब विद्यार्थियों को दिशा देंगे डॉ. आनंद शर्मा
सीडीएलयू सिरसा में बने प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के पूर्व छात्र एवं सेवानिवृत्त सहायक निदेशक युवा कल्याण डॉ. आनंद शर्मा का चयन चौ. देवीलाल विवि, सिरसा में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस पद पर हुआ है। रंगकर्मी और लेखक डॉ. शर्मा को परफॉर्मिंग आर्ट्स के क्षेत्र में उनके अनुभव और विशेषज्ञता के आधार पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एमडीयू के हिंदी तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के पूर्व छात्र डॉ. शर्मा ने हिंदी में डी.लिट. की उपाधि भी प्राप्त की है। छात्र जीवन से सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े डॉ. शर्मा ने रंगमंच और युवा कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
उनके चयन पर एमडीयू के निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी और निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी ने बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉ. शर्मा अपने अनुभव से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे और कला-संस्कृति को बढ़ावा देंगे।

Girish Saini

