युवा शक्ति से साकार होगा विकसित भारत का सपनाः डॉ अर्चना गुप्ता

रोहतक में युवा कन्वेंशन, एसआईआर, रोजगार और तकनीक पर युवाओं से किया संवाद

युवा शक्ति से साकार होगा विकसित भारत का सपनाः डॉ अर्चना गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें।

रविवार को शहीद मदनलाल धींगड़ा कम्युनिटी सेंटर में आयोजित विकसित भारत युवा कन्वेंशन में उन्होंने एसआईआर, शिक्षा, रोजगार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार से जुड़े सवालों के जवाब दिए। एसआईआर को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि पारदर्शी मतदाता सूची के लिए त्रुटियों का सुधार और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा जरूरी है।

डॉ. गुप्ता ने नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, स्टार्टअप और औद्योगिक निवेश को युवाओं के लिए नए अवसरों का आधार बताया। उन्होंने हरियाणा की बिना पर्ची, बिना खर्ची भर्ती व्यवस्था का भी उल्लेख किया। लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत उन्होंने युवाओं से हिंसा और भ्रामक प्रचार से दूर रहने तथा सोशल मीडिया पर तथ्यपरक सामग्री साझा करने की अपील की। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप जैन, सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।