मन की बात राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की प्रेरणा देता हैः कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों, जनसेवा और सामाजिक बदलाव की प्रेरक कहानियों से रूबरू कराता है। यह नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है।
डॉ. शर्मा रविवार को राखीगढ़ी महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होने जाते समय सफर के दौरान प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुनते हुए रोहतक के दिल्ली बाईपास पर लोगों से मिले और उनका हालचाल जाना।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में लोग अपने प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। ऐसे प्रयास जनसेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने पर जोर देते हुए नागरिकों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Girish Saini

