गांवों की मजबूती से ही साकार होगा विकसित भारत का सपनाः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

सिरसा में वीबीजी राम जी को लेकर जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित।

गांवों की मजबूती से ही साकार होगा विकसित भारत का सपनाः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान

सिरसा, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब गांव आत्मनिर्भर, सशक्त और विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ेंगे। पंचायत प्रतिनिधि जनभागीदारी बढ़ाकर सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि गांव विकास और सुशासन के आदर्श बन सकें।

डॉ. चौहान मंगलवार को पंचायत भवन, सिरसा में विकसित भारत–वीबीजी राम जी अधिनियम-2025 को लेकर आयोजित जिला स्तरीय पंच सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में सिरसा जिले के पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम सचिव और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्पित सिंगल, नगर परिषद अध्यक्ष शांति स्वरूप तथा जिला परिषद के कार्यकारी अभियंता श्रीकृष्ण कुमार ने डॉ. चौहान का स्वागत किया।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि वीबीजी राम जी अधिनियम-2025 ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इसके तहत रोजगार, पारदर्शिता और स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रोजगार की गारंटी को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है तथा मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक या अधिकतम 15 दिनों में सुनिश्चित करने का प्रावधान है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाओं को जनभागीदारी, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक के साथ प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।

उन्होंने पंचायत भवन परिसर में अधिनियम से संबंधित लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और इसे पंचायत प्रतिनिधियों को योजनाओं एवं प्रावधानों की सरल जानकारी देने की प्रभावी पहल बताया।

अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित सिंगल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कृष्ण कुमार ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाई हैं और योजनाओं की बेहतर जानकारी से प्रतिनिधि गांवों की जरूरत के अनुरूप विकास कार्य अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।

कार्यक्रम समन्वयक एवं वीबी-जी राम जी के प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को अधिनियम के प्रावधानों, पंचायतों की जिम्मेदारियों और ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन की व्यवहारिक जानकारी देना है। इस दौरान बृजेश द्विवेदी, सनी दहिया, एचआईआरडी से सौरभ अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम सचिव, पंच, सरपंच और पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे।