रिटौली गांव की सभी प्रमुख समस्याओं का जल्द समाधान करवाएगा जिला प्रशासनः उपायुक्त सचिन गुप्ता

प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम में डीसी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं।

रिटौली गांव की सभी प्रमुख समस्याओं का जल्द समाधान करवाएगा जिला प्रशासनः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा रिटौली गांव की सभी प्रमुख समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जायेगा तथा गांव की सभी मांगों को पूर्ण करवाया जायेगा। गांव के प्राइमरी विद्यालय के भवन की 15 लाख रुपये तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन की 27 लाख रुपये की लागत से मरम्मत का एस्टीमेट सरकार को भेजा गया है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता जिला प्रशासन द्वारा रिटौली गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में जिला प्रशासन की नई पहल के तहत आयोजित प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि ग्रामीणों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के माध्यम से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है। गांव में सभी आवश्यक विकास कार्य करवाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जायेगा ताकि ग्रामीण क्षेत्र का विकास हो।

उपायुक्त ने प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम में संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की पूर्ण जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को सरकार की सभी योजनाओं का अविलंब लाभ देना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने जिला रेडक्रॉस समिति की ओर से लाभार्थियों को कमोड चेयर एवं व्हीलचेयर भी वितरित की। समिति द्वारा शीघ्र ही रिटौली गांव में दिव्यांग व्यक्तियों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए कैंप आयोजित किया जायेगा, जिसमें दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान की जाएगी तथा नाप लिये जायेंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किये जा रहे प्रशासन आपके गांव कार्यक्रमों में प्रशासन द्वारा लोगों के घर द्वार पर पहुंचकर विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया जा रहा है तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे है। अधिकारियों द्वारा गांव में निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी करवाया जा रहा है।

एडीसी नरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के निपटारे के निर्देश। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों व खिलाडिय़ों को सम्मानित भी किया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों व ग्रामीणों के साथ राजकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध करवाये गए फंड से विद्यालयों के भवनों की मरम्मत कराई जाएगी।

एएसपी प्रतीक अग्रवाल ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे हर प्रकार के नशे से दूर रहे तथा अपने बच्चों को भी सभी नशों से दूर रखें। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को नैतिक मूल्यों की शिक्षा दें तथा खेलों व पढ़ाई की ओर प्रोत्साहित करें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।

जिला पार्षद जयदेव डागर ने जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम से ग्रामीण क्षेत्र में लोगों की समस्याओं को हल करने में मदद मिल रही है। उन्होंने ग्राम पंचायत की ओर से गांव की सामूहिक मांगें रखी। ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच प्रतिनिधि मंजीत दलाल तथा सतगामा प्रधान श्रीपाल ने उपायुक्त को पगड़ी, शॉल व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने एडीसी और डीडीपीओ को भी शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान एडीसी नरेंद्र कुमार, एएसपी प्रतीक अग्रवाल, डीडीपीओ राजपाल चहल, डीईईओ दिलजीत सिंह, जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।