समाधान शिविरों की वर्ष 2024 की सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में समाधान सुनिश्चित कराएगा जिला प्रशासनः उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविरों की वर्ष 2024 की सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में स्थायी समाधान करवा दिया जायेगा। यह सभी शिकायतें परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने से संबंधित है तथा यह शिकायतें रि-ओपन हुई है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जानकारी दे रहे थे। हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ द्वारा हर शुक्रवार को समाधान समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे की वर्चुअली समीक्षा की जाती है। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे समाधान शिविरों में प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध उचित निपटारा करें और समाधान करते समय संबंधित नागरिक से संवाद अवश्य करें व उन्हें विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही से अवगत करवाकर संतुष्ट करें ताकि शिकायत का स्थायी समाधान हों।
उपायुक्त ने सभी शिकायत पोर्टलों की शिकायतों के निपटारे की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इन शिकायत पोर्टल का नियमित रूप से अवलोकन करते रहे तथा शिकायत प्राप्त होते ही उसके निपटारे की प्रक्रिया शुरू करें। अधिकारी सीएम विंडो, समाधान शिविर, जनसंवाद, एसएमजीटी, सीपीग्राम्स पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित अवधि में समाधान करवाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार सप्ताह के सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला मुख्यालय एवं उपमंडल मुख्यालयों पर समाधान शिविर आयोजित किये जा रहे है।
ई-ऑफिस की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि वे सोमवार तक ई-ऑफिस की आईडी सृजित करवाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा केवल ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त फाइलों पर ही कार्यवाही की जायेगी तथा कोई भी फिजिकल फाइल स्वीकार नहीं की जायेगी। सरकार के निर्देशानुसार सभी कार्यालयों में केवल ई-ऑफिस की फाइल ही मूव करेंगी। अधिकारी एनआईसी कार्यालय से स्वयं तथा स्टाफ की ई-ऑफिस की आईडी सृजित करवाना सुनिश्चित करें ताकि ई-ऑफिस के माध्यम से फाइल मूव हो सकें।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव, डीडीपीओ राजपाल चहल, परिवहन डिपो महाप्रबंधक नवीन कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी तनुमय दत्ता, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, तहसीलदार यशपाल शर्मा, डीईओ मनजीत मलिक, डीईईओ दिलजीत सिंह, डीपीसी सुमन हुड्डा, सिंचाई विभाग के हाइड्रोलॉजिस्ट दलबीर राणा, काडा के कार्यकारी अभियंता अंशुल कादयान, मत्स्य पालन अधिकारी आशा हुड्डा सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

