उपायुक्त ने समाधान शिविर में शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे नागरिकों की समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाए। जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई जरूरी है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिकायतों की प्रगति की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर केवल शिकायतें सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का मंच है। अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए। नागरिकों की सुविधा के लिए उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

