डीसी ने महिला एवं किशोरी सम्मान योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से महिला एवं किशोरी सम्मान योजना प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने जिला की पात्र महिलाओं एवं किशोरियों से इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत जिले के बीपीएल परिवारों की 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रत्येक माह नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाते हैं। पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
उन्होंने जिले की सभी पात्र महिलाओं एवं किशोरियों से अपील की कि वे योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क करें तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कराएं। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र महिला या किशोरी इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
Girish Saini 


