डीसी ने समाधान शिविर में शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए
लंबित शिकायतों की नियमित निगरानी के निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निपटाया जाए। शिकायतों के समाधान में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
सोमवार को लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनी गई। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में सरकार का उद्देश्य आमजन को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों की नियमित निगरानी करने और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश दिए। शिविर में कई शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान नगराधीश शुभम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

