आत्मनिर्भर भारत और हरित भविष्य की नई पहचान है देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेनः डॉ. सुधा यादव

महिला सशक्तिकरण और आधुनिक आधारभूत ढांचे के विस्तार से देश को मिली नई पहचान।

आत्मनिर्भर भारत और हरित भविष्य की नई पहचान है देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेनः डॉ. सुधा यादव

जींद/रोहतक, गिरीश सैनी। वरिष्ठ भाजपा नेत्री,भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य तथा पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ आत्मनिर्भर भारत, हरित ऊर्जा और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वे प्रधानमंत्री के जींद आगमन को लेकर एक प्रेसवार्ता को संबोधित कर रही थी। इस दौरान पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

डॉ. सुधा यादव ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित रेल प्रणाली स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देगी। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आने के साथ ही पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटेगी तथा आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारत की क्षमता मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में विकास और गरीब कल्याण को समान प्राथमिकता दी गई है। हरियाणा से शुरू हुआ बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान आज राष्ट्रीय स्तर का जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने भारत को विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।

डॉ. सुधा यादव ने प्रदेश वासियों से 17 जुलाई को जींद पहुंचकर पीएम मोदी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विकसित भारत के संकल्प को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण अवसर होगा।