देश के निर्माण में श्रमिकों का सहयोग अतुलनीयः मेयर प्रवीन पोपली
जिला स्तरीय समारोह में श्रमिकों को किया अधिकारों के प्रति जागरूक।

हिसार, गिरीश सैनी। श्रम विभाग द्वारा लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय श्रमिक सेवा एवं जागरूकता समारोह में श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, विभाग द्वारा श्रमिक हित में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राज्य स्तरीय श्रमिक सेवा एवं जागरूकता समारोह में संबोधन का गुरुग्राम से लाइव प्रसारण किया गया।
जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मेयर प्रवीन पोपली औऱ विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने शिरकत की। विभाग के उप निदेशकों रविन्द्र सिंह एवं अशोक नैन ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह और शाल भेंट कर सम्मानित किया।
मेयर प्रवीन पोपली ने देश के निर्माण में श्रमिकों के सहयोग को अतुलनीय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'आत्मनिर्भर भारत' का सपना श्रमिकों की मेहनत, पसीने और अटूट भागीदारी के बिना कभी साकार नहीं हो सकता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि श्रमिक किसी भी राष्ट्र की प्रगति की असली शक्ति हैं। उनके बिना किसी भी अर्थव्यवस्था का विकास असंभव है।