राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने पीजीआईएमएस में सफाई कर्मचारियों से सीधा संवाद कर सुनीं समस्याएं

कुलपति डॉ. अग्रवाल के प्रयासों की प्रशंसा की

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने पीजीआईएमएस में सफाई कर्मचारियों से सीधा संवाद कर सुनीं समस्याएं

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह पलाका ने पीजीआईएमएस, रोहतक में सफाई कर्मचारियों के हितों और कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इसके लिए कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल और विवि प्रशासन की प्रशंसा की।

बुधवार को अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोग की टीम ने विवि प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की। कुलपति ने बताया कि संस्थान में 670 सफाई कर्मचारी और 27 सुपरवाइजर कार्यरत हैं। प्रशासन द्वारा कर्मचारियों को समय पर वेतन और अन्य कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पलाका ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखना सराहनीय है। उन्होंने कर्मचारियों को कोरोना योद्धा बताते हुए उनके योगदान का सम्मान करने पर जोर दिया।

बाद में आयोग ने डेंटल सभागार में कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उपाध्यक्ष डॉ. भारत भूषण टाक ने कहा कि प्रदेश सरकार सफाई कर्मचारियों के बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस वहन करने सहित उनके कल्याण के लिए प्रयासरत है। आयोग ने कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराने का आश्वासन दिया।