किसानों, गरीबों, महिलाओं व युवाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही केंद्र व राज्य सरकारः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
कार्यकर्ताओं से आमजन तक तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान।
करनाल, गिरीश सैनी। भाजपा अर्बन मंडल द्वारा आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में बतौर मुख्य वक्ता, हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक एवं प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने शिरकत की। डॉ. चौहान ने अपने संबोधन में केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम अध्यक्ष, युवा भाजपा नेता संकल्प भंडारी ने पटका पहनाकर डॉ. चौहान का स्वागत किया।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से हरियाणा के लगभग 20 लाख किसानों को अब तक हजारों करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में दी जा चुकी है। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लाखों किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के रूप में बड़ी राशि का भुगतान किया गया है, जिससे किसानों की आर्थिक सुरक्षा मजबूत हुई है। इसी प्रकार मेरा पानी मेरी विरासत योजना के माध्यम से किसानों को धान की जगह कम पानी वाली फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने जानकारी दी कि हरियाणा सरकार ने डायरेक्ट सीडेड राइस (डीएसआर) को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि बढ़ाई है, जिससे खेती की लागत कम हो रही है और पानी की बचत भी हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की फसल का भुगतान भी सीधे डीबीटी के माध्यम से कर रही है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गन्ना किसानों के हित में देश के सबसे अधिक लाभकारी मूल्य तय किए हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही कृषि ढांचे को मजबूत करने के लिए आधुनिक मंडियों और बागवानी ढांचे के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की सही जानकारी देना है ताकि वे समाज के बीच जाकर इन उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचा सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे जनसेवा की भावना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस दौरान बड़ा संख्या में मंडल पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini 

