समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है केंद्र व राज्य सरकारः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान आयोजित।

समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है केंद्र व राज्य सरकारः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता और उसके कल्याण के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार प्रभावी रूप से कार्य कर रही है। दोनों सरकारों की उपलब्धियां धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं। आंकड़े और दस्तावेज इसकी पुष्टि करते हैं तथा सरकार के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास इन योजनाओं की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। ये विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने निगदू मंडल के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करने पहुंचे डॉ. चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने पिछले वर्षों में जनकल्याण के अनेक बड़े कार्य किए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देशभर में 4 करोड़ से अधिक पक्के मकानों का निर्माण किया जा चुका है, जिससे गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत देश में 15.79 करोड़ से अधिक परिवारों के घरों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा चुका है। इसके साथ ही हर घर बिजली के लक्ष्य को भी पूरा किया गया है और अब गांवों में भी 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए गैस कनेक्शन दिए गए हैं। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 55 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रति वर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक 3.7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आज डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सरकार की योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। अब तक 44 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से वितरित की जा चुकी है, जिससे लगभग 3.48 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब बिना खर्ची, बिना पर्ची के आधार पर युवाओं को योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे युवाओं का सरकार पर विश्वास मजबूत हुआ है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष राजपाल, महामंत्री मल्खान सिंह, मंडल प्रभारी संतोष पाल, महामंत्री शैलेंद्र सेतिया, पूर्व चेयरमैन जेपी सांवत, फूल सिंह, ग्रीवेंस कमेटी सदस्य बलबीर, सीएम विंडो सदस्य रीना रानी, सुनीता तेहरी सहित काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।