आत्मनिर्भर हरियाणा की नींव को मजबूत करेगा बजटः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

सिरसा में 25 करोड़ रुपये की लागत से लगेगा किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट।

आत्मनिर्भर हरियाणा की नींव को मजबूत करेगा बजटः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

सिरसा, गिरीश सैनी। वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत किए गए आगामी वित्त वर्ष के बजट प्रस्ताव विकसित और अग्रणी हरियाणा के निर्माण की गति को तीव्रता प्रदान करेंगे। बजट प्रस्तावों में खेत खलिहान से लेकर ड्रोन की उड़ान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक विविध क्षेत्रों और समाज के सब वर्गों के कल्याण के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। ये बात भाजपा प्रवक्ता और हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने मंगलवार को बजट पर चर्चा विषय पर पत्रकारों से संवाद करते हुए कही।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि ये बजट समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला तथा भविष्य की दिशा तय करने वाला बजट है। उन्होंने इसे वित्तीय अनुशासन पर आधारित एवं आम जनता को समर्पित बजट बताया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट विकेंद्रीकरण का सशक्त उदाहरण है। बजट तैयार करने से पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेशभर के विभिन्न वर्गों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे, जिनके आधार पर यह जनहितैषी बजट तैयार किया गया। इसलिए इस बजट को जनता की सलाह से जनता के कल्याण के लिए जनता की चुनी हुई सरकार द्वारा तैयार किया गया जनहितैषी बजट कहा जा सकता है। आज हरियाणा में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, बिजली तथा इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में भाजपा सरकार द्वारा उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चौहान ने कृषि क्षेत्र में नए बिजली वितरण निगम की घोषणा तथा कृषि से जुड़ी कई अन्य योजनाओं को किसानों के हित में प्रभावशाली कदम बताया। वहीं आयुष्मान भारत योजना और लाडो लक्ष्मी योजना के विस्तार को जन-जन के विकास में महत्वपूर्ण बताया। महिलाओं के रोजगार सृजन के लिए पिंक कैब योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये की ब्याज मुक्त सहायता, डेयरी स्थापना के लिए न्यूनतम दरों पर भूखंड उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के निर्णयों की भी उन्होंने सराहना की। उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए वित्तीय व्यय में वृद्धि को हरियाणा के विकास में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि राशन के नए डिपो खोलने की प्रक्रिया में महिलाओं को 33% कोटा निर्धारित कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का एक और मार्ग सरकार ने खोल दिया है।

विशेष रूप से सिरसा जिले के लिए 25 करोड़ रुपये की लागत से किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना को उन्होंने क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और किसानों की आय बढ़ाने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया। डॉ. चौहान ने बताया कि सिरसा जिले के लिए बजट में ग्रामीण पुस्तकालय, महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप, अमृत सरोवर, सड़क नेटवर्क विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, खेल सुविधाओं के विकास, ग्रामीण जलापूर्ति योजनाएं तथा रोजगार सृजन से जुड़ी परियोजनाओं को शामिल किया गया है। नागरिक अस्पताल में अतिरिक्त बेड सहित क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना तथा ड्रग फ्री जिला बनाने के लिए मजबूत तंत्र विकसित करने के निर्णय का भी उन्होंने स्वागत किया।

ग्राम सभा की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि अब ग्राम सभा में छह विषयों को अनिवार्य किया गया है, जिनमें ठोस कचरा प्रबंधन, गंदे पानी की निकासी, तालाब प्रबंधन तथा सामुदायिक संसाधनों से जुड़े विषय शामिल होंगे। हरियाणा में एक हजार नए अटल पुस्तकालय बनेंगे तो ग्रामीण युवाओं के चेहरे स्वाभाविक रूप से खिलेंगे। इस वर्ष के अंत तक प्रदेश में 2200 अमृत सरोवर बनेंगे तो गांव की तस्वीर में और निखार आएगा। गांव में सामुदायिक भावनाओं की देखरेख और संभाल के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। इस बजट को हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य का विजन बताते हुए उन्होंने कहा कि ये बजट आत्मनिर्भर हरियाणा की नींव को मजबूत करेगा।

इस दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन वीर शांति स्वरूप, अंबर मेहता, सागर केहरवाला, देवराज मोइल, सुमन सैनी, विष्णु शर्मा तथा भूपेंद्र खट्टर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सरकार सिरसा को नशामुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए संकल्प नाम से एक नई अथॉरिटी अस्तित्व में आएगी। प्रदेश की नायब सरकार इस आर्थिक रूप से संपन्न जिले के युवाओं को नशे के चक्रव्यूह से भी निकालेगी और यहां शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में भी विस्तार करेगी।