आईएचएम, रोहतक में तीन वर्षीय बीएससी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया जारी

आतिथ्य और पर्यटन के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थी 26 जून तक कर सकते हैं आवेदन।

आईएचएम, रोहतक में तीन वर्षीय बीएससी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया जारी

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा स्थानीय तिलयार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) 12वीं कक्षा उतीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के लिए आतिथ्य और पर्यटन के क्षेत्र से जुड़कर करियर के नए आयाम प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है। इस क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए आईएचएम में उपलब्ध कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 जून 2026 है।

आईएचएम के प्राचार्य शंभूनाथ गौतम ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए संस्थान में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिये विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। संस्थान में वर्तमान शैक्षणिक सत्र में जवाहरलाल नेहरू विवि, नई दिल्ली (जेएनयू) के अकादमिक सहयोग से तीन वर्षीय बीएससी आतिथ्य एवं होटल प्रशासन (एचएचए) कोर्स चलाया जा रहा है। कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को जेएनयू द्वारा डिग्री प्रदान की जाती है। इसके अलावा डेढ वर्षीय डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज सर्विस, डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन तथा डिप्लोमा इन बेकरी एंड कन्फेक्शनरी के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों में दाखिले की अंतिम तिथि 26 जून 2026 है।

एक विशेष बातचीत में आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र भारत के साथ-साथ विश्व भर में सबसे तेजी से बढ़ रहे उद्योगों में से एक है। आईएचएम से तीन वर्षीय बीएससी आतिथ्य एवं होटल प्रशासन (एचएचए) स्नातक करने के उपरांत विद्यार्थियों के लिए इस क्षेत्र में होटल, एयरलाइन, क्रूज लाइन्स फास्ट फूड चेन, रिटेल आउटलेट, भारतीय रेलवे, पर्यटन बोर्ड, सशस्त्र बलों के खानपान प्रतिष्ठान, सरकारी खानपान प्रतिष्ठान, एमएनसी आदि में रोजगार के अपार अवसर उपलब्ध हैं। इसके अलावा, स्वरोजगार की राह बनाने के लिए भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि आईएचएम, रोहतक का हालिया प्लेसमेंट रिकॉर्ड शत प्रतिशत रहा है और यहां के पास आउट विद्यार्थी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होटल ग्रुप चेन, क्रूज़ सहित पर्यटन के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।