गांव भैयापुर व मकड़ौली खुर्द में अवैध निर्माणों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

गांव भैयापुर व मकड़ौली खुर्द में अवैध निर्माणों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। आमजन के हितों की सुरक्षा तथा नियोजित एवं व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला नगर योजनाकार कार्यालय द्वारा नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों तथा निर्माणों के विरुद्ध व्यापक तोड़-फोड़ अभियान चला कर कुल लगभग 13 एकड़ क्षेत्र में विकसित अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान गांव भैयापुर में दो अवैध कॉलोनियों में किए गए 6 निर्माण, इंटरलॉक टाइल रोड नेटवर्क तथा 6 नींव को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा गांव मकड़ौली खुर्द में 3 निर्माण, सीवरेज नेटवर्क तथा इंटरलॉक टाइल रोड नेटवर्क को हटाया गया।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन समय-समय पर अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई करता रहेगा, इसलिए नागरिक किसी भी प्रकार के निवेश से पूर्व संबंधित कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर ही निर्णय लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक हानि से बचा जा सके।