एडीसी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए

राजीव गांधी खेल परिसर में होगा जिला स्तरीय समारोह।

एडीसी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को समारोह के सफल, गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह राजीव गांधी खेल परिसर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करें और कार्यक्रम स्थल पर आमजन, विद्यार्थियों, प्रतिभागियों तथा अतिथियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें।

बैठक में परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य प्रबंधों की समीक्षा की गई। एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय एवं अनुशासन के साथ पूरी की जाएं।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि युद्ध स्मारक पहुंचकर देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने युद्ध स्मारक पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, महम के एसडीएम विपिन शर्मा, नगराधीश शुभम, डीडीपीओ राजपाल चहल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।