निंदाना निवासी युवक की हत्या में शामिल आरोपी काबू
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक पुलिस की टीम ने गांव निंदाना निवासी युवक की गोली मारकर हत्या करने में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर हासिल किया है।
प्रभारी थाना सीआईए-1 स्टाफ निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि 16 अप्रैल 2024 को पुलिस को भिवानी रोड, महम पर वजीर निवासी निंदाना को गोली मारे जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, जहां पता चला कि दो युवकों को गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिये जीएच, महम ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम द्वारा वजीर निवासी निंदाना को गोली लगने के कारण मृत घोषित किया गया।
मृतक के भाई रामनिवास की शिकायत पर जांच में पता चला कि रामनिवास पांच भाई हैं। शमशेर व वजीर अपने बच्चों सहित लोहारू रहते हैं। वर्ष 2018 में शमशेर व उसके परिवार के खिलाफ महम में मुकदमा दर्ज कराया था। 16 अप्रैल 2024 को शमशेर, वजीर, कृष्ण, दीपक व संजीत महम आए हुए थे। शमशेर, वजीर व उसकी पत्नी घर का सामान खरीद कर भिवानी स्टैंड, महम पहुंचे। वजीर भिवानी जाने वाली बस के इंतजार में खड़ा था। शमशेर अपनी पत्नी के साथ वहां से चला तो गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। नजदीक आकर देखा तो मोटरसाइकिल सवार दो युवक वजीर पर गोली चला रहे थे। पास खड़ी गाड़ी में 4-5 युवक बैठे थे। निंदाना गांव के अंकित उर्फ गोधू की मुकदमों के कारण रंजिश है, जिसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वजीर को गोली मारी। इस दौरान बल्लु निवासी किशनगढ़ को भी गोली लगी, जिसे इलाज के लिये जीएच, महम मे दाखिल कराया गया है।
मामले की जांच के दौरान 17 फरवरी 2026 को आरोपी विक्की उर्फ मोगली निवासी लाइनपार, बहादुरगढ़ को गिरफ्तार किया गया। वारदात में शामिल रहे चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

Girish Saini 

