सुपवा में कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना 3 मई से, आम जनता के लिए 5 मई से खुलेगी

सुपवा में कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना 3 मई से, आम जनता के लिए 5 मई से खुलेगी

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक में कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना का उद्घाटन 3 मई को महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो असीम कुमार घोष करेंगे। ये प्रदर्शनी स्कूल-कॉलेज के छात्रों, कला प्रेमियों व आम लोगों के लिए 5 मई को अवलोकन के लिए खोली जाएगी, जो 8 मई तक जारी रहेगी।

एफसी विनय कुमार ने बताया कि अभिव्यंजना फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स की वार्षिक कला प्रदर्शनी है। इसमें विजुअल आर्ट्स के स्नातक व स्नातकोत्तर के प्रथम से अंतिम वर्ष तक के छात्र साल भर में तैयार की गई कलाकृतियों को प्रदर्शित करेंगे। ये छात्रों की रचनात्मकता, तकनीकी कौशल और कलात्मक दृष्टि को लोगों के सामने प्रस्तुत करने का सशक्त मंच है।

कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि अभिव्यंजना में छात्रों द्वारा पूरे वर्ष के दौरान तैयार किए गए आर्ट वर्क को एक साथ प्रदर्शित किया जाएगा। ये प्रदर्शनी न केवल उनके अभ्यास और सीखने की प्रक्रिया को दिखाएगी, बल्कि कला के माध्यम से उनके विचारों और अभिव्यक्ति को भी सामने लाएगी। उन्होंने कहा कि हर साल की भांति इस बार भी बड़ी संख्या में कला प्रेमियों, विद्यार्थियों व शिक्षकों द्वारा इस प्रदर्शनी के अवलोकन के लिए आने की उम्मीद है।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि प्रदर्शनी में फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के विभिन्न विभागों एनीमेशन, मल्टीमीडिया, एप्लाइड आर्ट्स, पेंटिंग, स्कल्पचर और प्रिंटमेकिंग के छात्रों की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। पारंपरिक व आधुनिक कला शैलियों का यह संगम दर्शकों को विविध अनुभव प्रदान करेगा। डिजिटल आर्ट से लेकर क्लासिकल पेंटिंग और थ्री डायमेंशन स्कल्पचर तक, हर माध्यम की झलक यहां देखने को मिलेगी। कुलपति डॉ आर्य ने कहा कि कला और विचारों के प्रदर्शन का यह सालाना आयोजन सुपवा की पहचान बन चुका है।