जिला परिषद में विकास कार्यों के लिए 21 सितंबर तक निविदाएं आमंत्रितः एडीसी

जिला परिषद में विकास कार्यों के लिए 21 सितंबर तक निविदाएं आमंत्रितः एडीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला परिषद रोहतक ने विभिन्न विकास कार्यों को निर्धारित शर्तों के तहत करवाने के लिए सीलबंद लेबर निविदाएं आमंत्रित की हैं। अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को हुई जिला परिषद सदन की बैठक में पारित सर्वसम्मति प्रस्ताव के तहत यह प्रक्रिया शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक ठेकेदार एवं फर्म 21 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक अपनी निविदाएं जमा करवा सकते हैं। निविदाएं एचएसआर दर-2023 के अंतर्गत न्यूनतम दर, एचएसआर दर से अधिक दर अथवा एकल प्रतिशत दर के आधार पर प्रस्तुत की जा सकती हैं।

सीलबंद निविदाएं जिला विकास भवन स्थित जिला परिषद कार्यालय के कक्ष संख्या-1 में रखे निर्धारित निविदा बॉक्स में किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक डाली जा सकती हैं। प्राप्त निविदाओं का बॉक्स 22 सितंबर को सुबह 10 बजे प्रशासनिक कमेटी के समक्ष खोला जाएगा।

एडीसी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद प्राप्त निविदाओं पर विचार नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों की सूची, नियम एवं शर्तों सहित अन्य जानकारी जिला परिषद कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।