सुपवा में तीज की मस्ती, झूले-मेहंदी और पतंगबाजी ने बांधा समां
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में मंगलवार को तीज उत्सव की धूम रही। फैकल्टी ऑफ प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर परिसर में आयोजित इस तीज महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिनभर विभिन्न सांस्कृतिक व मनोरंजक गतिविधियों में उत्साह से भाग लिया। कुलपति डॉ. अमित आर्य और कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने आयोजन स्थल का भ्रमण कर छात्रों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. अजय कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। तीजोत्सव की तैयारियों और आयोजन में प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर के विद्यार्थियों ने प्रमुख भूमिका निभाते हुए परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया और अपनी ओर से आयोजन की व्यवस्था की। महोत्सव में छात्राओं के साथ शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ की महिला सदस्यों ने भी झूले का आनंद लिया।
आयोजन स्थल पर विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जहां दिनभर छात्रों की भीड़ उमड़ी रही। छात्राओं के लिए लगाए गए मेहंदी के स्टॉल पर छात्राएं आकर्षक डिजाइन की मेहंदी लगवाती नजर आई। पसंदीदा गीतों पर डांस के साथ पतंगबाजी और रस्साकशी के मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा छात्रों के मनोरंजन के लिए विभिन्न गतिविधियां भी कराई गईं।
बॉक्स-
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने छात्रों की इस पहल की सराहना करते हुए तीज उत्सव के आयोजन के लिए अपने विवेकाधीन कोष से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि त्योहारों को खुशी और उत्साह के साथ मनाने से नई पीढ़ी अपनी समृद्ध परंपराओं से जुड़ती है। उन्होंने सभी छात्रों और स्टाफ सदस्यों को तीज की शुभकामनाएं दी।
Girish Saini 

