बीएमयू में छाई तीज की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में तीज पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। फैकल्टी ऑफ साइंसेज तथा प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने नृत्य, गायन, रैंप वॉक, मेहंदी सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
फैकल्टी ऑफ साइंसेज द्वारा आयोजित फ्यूजन फिएस्टाः तीज 2026 में 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बतौर मुख्य अतिथि फैकल्टी ऑफ साइंसेज के डीन प्रो. मनोज वर्मा ने शिरकत की। प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन, रैंप वॉक और मेहंदी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नृत्य में अनुष्का एवं टीम प्रथम, रितिका दूसरे तथा नेहा व पुष्पा तीसरे स्थान पर रही। गायन में वंश ने प्रथम स्थान हासिल किया। रैंप वॉक में रितिका, बॉबी और खुशबू ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेहंदी में रितिका प्रथम, अनुष्का दूसरे व श्वेता तीसरे स्थान पर रही।
वहीं, प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय द्वारा आयोजित तीज उत्सव में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार, शैक्षणिक कार्यों के अधिष्ठाता डॉ. नवीन कपिल और संकाय के अधिष्ठाता डॉ. अनिल कनवा सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों ने शिरकत की। विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रमों में तीज के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं पारंपरिक महत्व पर प्रकाश डाला गया।
Girish Saini 

