जिला स्तरीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-17) के फाइनल में भिड़ेंगी रोहतक और कलानौर ब्लॉक की टीमें
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय महाराजा अग्रसेन क्रिकेट स्टेडियम में जिला स्तरीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-17) के मुकाबले हुए। बतौर मुख्य अतिथि, भाजपा जिला समन्वयक हरिओम मित्तल भाली ने शिरकत की। अतुल देवकीनन्दन शर्मा विशिष्ट अतिथि और डॉ. देवेंद्र भाली कार्यक्रम समन्वयक के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि हरिओम मित्तल भाली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन दे रही है। राज्य सरकार की सुदृढ़ खेल नीति और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों के कारण हरियाणा आज पूरी दुनिया में खेल जगत में एक मजबूत पहचान बना चुका है।
खेल शुरू होने से पूर्व अतिथियों ने टॉस किया। कलानौर टीम के कप्तान वैभव ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला किया। जिला स्तरीय फाइनल मुकाबले में रोहतक ब्लॉक और कलानौर ब्लॉक की टीमें आपस में भिड़ेंगी। रोहतक ब्लॉक की टीम ने सांपला ब्लॉक की टीम को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि कलानौर ब्लॉक की टीम ने महम ब्लॉक को पछाड़ कर फाइनल में जगह बनाई। विजेता टीम राज्य स्तरीय विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में रोहतक जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। इस दौरान प्रतियोगिता संयोजक सुरेंद्र, ओमबीर, क्रिकेट कोच आनंद इन्दोरिया, कुलबीर आदि मौजूद रहे।
Girish Saini 

