विवि के विकास में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदानः कुलपति प्रो मिलाप पूनियाँ

विवि के विकास में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदानः कुलपति प्रो मिलाप पूनियाँ

रोहतक, गिरीश सैनी। विवि के विकास में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। सेवानिवृत्त शिक्षक समुदाय अपने शैक्षणिक ज्ञान तथा समृद्ध अनुभव से विवि की प्रगति यात्रा में सहयोग दे सकते हैं। ये उद्गार एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने विवि के सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद में व्यक्त किए।

कुलपति कार्यालय में इस प्रतिनिधिमंडल से औपचारिक भेंट के दौरान कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि विवि में अनुकूल शैक्षणिक माहौल बनाने में शैक्षणिक गोष्ठियों के जरिए सार्थक संवाद किया जा सकता है। इस प्रकार के संवाद-गोष्ठी कार्यक्रम सेवानिवृत्त शिक्षक समुदाय आयोजित कर सकता है। विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा के जरिए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन सेवानिवृत्त शिक्षक कर सकते हैं।

सेवानिवृत्त शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रो. के.पी.एस. महलवार तथा प्रो. एस.एस. वर्मा ने कुलपति को सेवानिवृत्त समुदाय की ओर विवि प्रशासन को एमडीयू के विकास यात्रा में सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान सेवानिवृत प्राध्यापक प्रो. अमर वर्मा, प्रो. संजू नंदा, प्रो. अंजू खन्ना, प्रो. तिलक राज, प्रो. राजकुमार और प्रो. हरीश कुमार मौजूद रहे।