लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूर्ण प्रतिबद्घता से कार्य करें शिक्षकः उपायुक्त सचिन गुप्ता

विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं नवाचार अपनाने के निर्देश।

लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूर्ण प्रतिबद्घता से कार्य करें शिक्षकः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी अधिकारियों एवं शिक्षकों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। उपायुक्त ने जिला शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में संबंधित अधिकारियों ने विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार लाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग, नवाचार आधारित शिक्षण तथा प्रभावी शैक्षणिक वातावरण विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जाए।

निपुण हरियाणा मिशन की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिला में निपुण रीडिंग क्लब का गठन किया गया है तथा प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों में पढऩे की आदत विकसित करने के लिए प्रतिदिन पुस्तकालय पठन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके साथ-साथ राज्य स्तर पर प्रशिक्षित किए गए की-रिसोर्स पर्सन्स (केआरपी) के माध्यम से अगस्त एवं सितंबर माह में जिला स्तर पर शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जिला के सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों में पढऩे की रुचि विकसित करने तथा उनकी भाषा दक्षता एवं पठन क्षमता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चरणबद्ध रूप से निपुण रीडर्स चैलेंज संचालित किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि पढ़ने की आदत विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं भाषाई विकास की आधारशिला है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए तथा विद्यालयों में ऐसा वातावरण तैयार किया जाए, जिससे बच्चे आनंद के साथ पढ़ने की आदत विकसित करें।

प्रोजेक्ट विश्वास की प्रगति पर चर्चा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों में कक्षा सहभागिता, संचार कौशल, सीखने की क्षमता, नेतृत्व, सामाजिक सहभागिता तथा जीवन कौशल विकसित करने के लिए विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक बोलने, प्रश्न पूछने, समूह चर्चा में भाग लेने तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। बैठक में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मैथमेटिक्स ओलंपियाड, सुपर-40 आईआईटी-जेईई एवं नीट कार्यक्रम, टीचर्स ऐज इनोवेटर्स, विद्यालय प्रबंधन समितियों की गतिविधियां, एक पेड़ मां के नाम अभियान, अपार आईडी निर्माण, एनएसक्यूएफ कार्यक्रम तथा समग्र शिक्षा के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों एवं आधारभूत ढांचे के विकास की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारों को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

बैठक में डीईओ मनजीत मलिक, डीईईओ बिजेंद्र हुड्डा, डाइट प्राचार्या रितु पंघाल, सीएमजीजीए तनुमय दत्ता, डीपीसी सुमन हुड्डा, बीईओ अशोक नांदल, एफएलएन कॉर्डिनेटर रूपांशी हुड्डा, एपीसी मनोज सुहाग व एसडीई अनिल दूहन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।