रोहतक में मानसून सीजन के दौरान एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारितः जिला एवं सत्र न्यायाधीश

विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएलएसए द्वारा विशेष पौधारोपण अभियान।

रोहतक में मानसून सीजन के दौरान एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारितः जिला एवं सत्र न्यायाधीश

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा रोहतक में मानसून सीजन के दौरान एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने -चलो चलें हम पेड़ लगाएं, धरती को खुशहाल बनाएं अभियान का पौधारोपण कर शुभारंभ किया तथा उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों व आमजन का अधिक से अधिक पेड़ लगाने एवं उनका संरक्षण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

न्यायाधीश अजय तेवतिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण तथा आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है तथा प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल अवश्य करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के तत्वावधान में 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न जिलों से चिन्हित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे अपने चिन्हित मामलों के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्थानीय में संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें तथा आपसी सहमति से विवादों का समाधान कर लोक अदालत का लाभ उठाएं।