एमडीयू में गूंजी वीर गाथा, शहीदों को किया नमन

एमडीयू में गूंजी वीर गाथा, शहीदों को किया नमन

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में भारतीय वायु सेना दिवस पर रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग तथा एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स विंग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियानः सेवा मेरा योगदान के तहत आयोजित कार्यक्रम में वीर गाथा ऑफ द इंडियन एयर फोर्स विषय पर व्याख्यान हुआ। साथ ही विवि परिसर स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।

जिला सैनिक बोर्ड, रोहतक की सचिव एवं सेवानिवृत्त विंग कमांडर गौरिका सुहाग ने भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपरा, युद्धों और सैन्य अभियानों में वायु योद्धाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वायु सेना साहस, शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से वीर सैनिकों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

विभागाध्यक्ष प्रो. शालिनी सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सैनिकों के त्याग और बलिदान से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे।