विकसित भारत बनने में देश के प्रतिभावान युवाओं की होगी अहम भूमिकाः शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

डीएलसी सुपवा में विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत।

विकसित भारत बनने में देश के प्रतिभावान युवाओं की होगी अहम भूमिकाः शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने में देश के प्रतिभावान युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

 शिक्षा मंत्री रविवार को दादा लख्मीचंद स्टेट यूनिवर्सिटी परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) के वार्षिक कला प्रदर्शनी अवार्ड समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे।

 

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने कला प्रदर्शनी में हर विषय को गहराई से छुआ है। अद्भुत व अकल्पनीय कल का यहां प्रस्तुतीकरण किया गया है, जिसके आधार पर कहा जा सकता है कि भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि दादा लख्मीचंद जैसे महान व्यक्ति के नाम से इस विवि का नाम रखा गया है, जिसका पूरे विश्व में कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनके हुनर का लाभ मिले यह विवि प्रशासन को सुनिश्चित करना होगा।

 

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि भारत पहले भी विश्व गुरु रहा है और फिर से विश्व गुरु बनकर रहेगा। अब भारत को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु बनने के संकल्प को हम सब मिलकर सिद्धि तक लेकर जाएंगे।

 

मुख्यातिथि ने कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह के साथ सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित कला कृतियों की बारीकियों को समझा। उन्होंने विद्यार्थियों की कौशलता, दृष्टिकोण और पेशेवर सोच की सराहना करते हुए यह प्रदर्शनी विवि में मौजूद प्रतिभा की सुंदरता और सामर्थ्य का एक प्रतीक है।

 

प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 18 विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। दृश्य कला संकाय अध्यक्ष विनय कुमार ने मंत्री महिपाल ढांडा को द्वितीय वर्ष की एनीमेशन छात्रा राशी द्वारा हस्त निर्मित चित्रकला भेंट की। प्रदर्शनी में 300 से अधिक छात्रों की 1000 से अधिक कला कृतियों की महत्वपूर्ण श्रेणियों में जागरूकता, सामाजिक संदेश, चित्रण, विज्ञापन, तेल चित्रकला, ऐक्रेलिक पेंटिंग, स्थापना कला, साइट विशिष्ट कला, मिट्टी और फाइबर कला मूर्तियां, फोटोग्राफी, स्केचिंग, क्ले मॉडलिंग और स्टिल एवं लघु पेंटिंग आदि शामिल हैं। इसके अलावा संवर्धित वास्तविकता और आभासी वास्तविकता आधारित पेंटिंग भी प्रदर्शित की जा रही हैं।

 

बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि भारत के निहत्थे व निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब पाकिस्तान की धरती पर जाकर उनके ठिकानों को नष्ट करके दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो टूक शब्दों में कह दिया था कि भारत आतंकियों को उनकी कल्पना से भी हटकर सजा देगा। भारत ने आतंकियों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने वर्ष 2025 में ही नई शिक्षा नीति को क्रियान्वित कर दिया है। स्कूलों में दाखिले समाप्त होने से पूर्व ही विद्यार्थियों के बस्तों में किताबें डाल दी गई हैं। बच्चें अब बायोलॉजी, फिजिक्स व केमिस्ट्री जैसे विषय अभी अपनी मातृभाषा में पढ़ सकते हैं।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने हुनर पर ध्यान दें और आत्मनिर्भर कलाकार बनने की दिशा में प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनियां कलाकारों को अपनी कला दुनिया के सामने लाने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। यातायात विषय को लेकर बनाई गई चित्रकारी की प्रशंसा करते हुए पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि अगर यातायात के नियमों का पालन नहीं करेंगे तो नुकसान उठाना पड़ेगा। इसी प्रकार से लोकतंत्र में वोट के अधिकार की चित्रकला को भी जीवंत किया गया है।

 

इस दौरान कुलपति प्रकाश सिंह, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक, डीन अकादमिक डॉ अजय कौशिक सहित अन्य गणमान्य एवं सभी संकाय समन्वयक और दृश्य कला विभाग के संकाय सदस्य मौजूद रहे।