मंच पर उतरा हुनर, एमडीयू टैलेंट सर्च में विद्यार्थियों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

मंच पर उतरा हुनर, एमडीयू टैलेंट सर्च में विद्यार्थियों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के टैगोर ऑडिटोरियम में मंगलवार को आयोजित टैलेंट सर्च प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, रंगमंच, ललित कला और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। डिफरेंट टैलेंट्स, वन कैंपस, वन फैमिली थीम पर आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

छात्र कल्याण कार्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने कहा कि विवि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनकी रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। टैलेंट सर्च जैसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उसे प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं।

निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी ने बताया कि प्रतियोगिता को पांच प्रमुख विधाओं में बांटा गया। नृत्य वर्ग में शास्त्रीय, लोक और समकालीन नृत्य, जबकि संगीत वर्ग में गायन और वादन की प्रस्तुतियां हुईं। रंगमंच वर्ग में नाटक, माइम और अभिनय के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति क्षमता दिखाई।

ललित कला वर्ग में चित्रकारी और स्केचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों ने कल्पनाशीलता को आकार दिया। साहित्यिक वर्ग में कविता पाठ, वाद-विवाद और रचनात्मक लेखन के जरिए अभिव्यक्ति कौशल सामने आया।