एमडीयू गैर शिक्षक कर्मचारी संघ का शपथ ग्रहण, कुलपति प्रो. पूनियाँ ने विकास अहलावत को दिलाई प्रधान पद की शपथ
बगैर औपचारिकता के सादगी के साथ हुआ समारोह; कर्मचारियों ने रखी विभिन्न मांगें
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह इस बार सादगी की मिसाल बना। पहली बार कुलपति कार्यालय में आयोजित इस समारोह में न फूल-मालाओं का तामझाम हुआ और न ही शॉल भेंट करने जैसी औपचारिकताएं निभाई गई। फिजूलखर्ची से बचते हुए आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने नवनिर्वाचित प्रधान विकास अहलावत (गोल्डी) को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा ने उपप्रधान प्रेम सजवाण, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने महासचिव नरेश कुमार, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पूनिया ने संयुक्त सचिव रणधीर सिंह और खेल निदेशक कुलताज सिंह ने कोषाध्यक्ष योगेश बलाना को शपथ दिलाई। कार्यकारी परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों ने भी शपथ ली।
कुलपति ने पदाधिकारियों से कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने और विवि की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कुलसचिव ने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। प्रधान विकास अहलावत ने ईमानदारी और निष्पक्षता से कर्मचारी हितों के लिए काम करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान संघ ने नई भर्तियों, पे-फिक्सेशन, वाहनों के लिए शेड और रिहायशी क्षेत्र में रखरखाव कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई। विवि प्रशासन ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Girish Saini

