स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति-सभ्यता तथा मानव धर्म का डंका वैश्विक स्तर पर बजाया: बिप्लब कुमार देब 

- राष्ट्रीय युवा दिवस तथा स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में रैली को दिखाई हरी झंडी। 

स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति-सभ्यता तथा मानव धर्म का डंका वैश्विक स्तर पर बजाया: बिप्लब कुमार देब 

रोहतक, गिरीश सैनी। भारत के महान राष्ट्रभक्त -विभूति स्वामी विवेकानंद के संदेश- उठो, जागो, तब तक न रूको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो को बुलंद करते हुए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय युवा दिवस तथा स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में रैली निकाली गई। इस रैली को त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री तथा संप्रति राज्यसभा सांसद बिप्लब कुमार देब ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह इस अवसर पर साथ रहे।

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना, यूथ रेड क्रॉस, यूनिवर्सिटी आउटरीच, एनसीसी कैडेट्स तथा शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने इस युवा दिवस तथा विकसित भारत रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वामी विवेकानंद की प्रेरणादायी सूक्तियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 के मिशन को परिलक्षित करती पट्टिकाओं को लेकर इन विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में मार्च किया।

राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिप्लब कुमार देब ने स्वामी विवेकानंद का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का लोहा पूरा विश्व मानता है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति-सभ्यता तथा मानव धर्म का डंका वैश्विक स्तर पर बजाया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को इंसानियत की प्रतिमूर्ति तथा मानवीय मूल्यों का पुरोधा बताया।

विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के जीवन, दर्शन तथा कर्मों से प्रेरणा लेने का आह्वान मुख्य अतिथि बिप्लब कुमार देब ने किया। उनका कहना था कि स्वामी विवेकानंद ने बहुत ही अल्पकालीन जीवन जीने के बावजूद अपने अतुलनीय योगदान से गहरी छाप भारत ही नहीं विश्व में छोड़ी।

कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कुलपति ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन हमें प्रेरणा देता है कि हम समाज तथा राष्ट्र के सरोकारों में योगदान दें। उन्होंने आमंत्रित अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में मंच संचालन प्राध्यापिका डा. सोनू डेहमीवाल ने किया। इस कार्यक्रम में रोहतक लोक सभा सांसद डा. अरविंद शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. तिलक राज ने किया। इस कार्यक्रम में एमडीयू के डीन, एकेडमिक एफेयरस प्रो. ए.एस. मान, रजिस्ट्रार प्रो. गुलशन लाल तनेजा, लाइब्रेरियन डा. सतीश मलिक, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रणदीप राणा, एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. तिलक राज, वाईआरसी कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अंजू धीमान, निदेशक यूनिवर्सिटी आउटरीच प्रो. राधेश्याम, एनसीसी इंचार्ज डा. विकास सिन्धु, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, पीआरओ पंकज नैन समेत अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, गैर शिक्षक कर्मी, विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इससे पूर्व मुख्य अतिथि बिप्लब कुमार देब, विशिष्ट अतिथि सांसद डा. अरविंद शर्मा, कुलपति प्रो. प्रो. राजबीर सिंह तथा अन्य आमंत्रित अतिथियों, विवि अधिकारियों ने स्वामी विवेकानंद की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि बिप्लब कुमार देब, डा. अरविन्द शर्मा, कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने विवि अधिकारियों के साथ विवेकानंद पुस्तकालय की विजिट की। स्वामी विवेकानंद के जीवन तथा कार्यों संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिप्लब कुमार देब ने किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों की सराहना की।

विवेकानंद पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय युवा महोत्सव संबोधन की लाइव स्ट्रिमिंग भी की कई, जिसे उपस्थित जन ने देखा-सुना।