पराली जलाने पर रोक के लिए गांवों में बढ़ेगा निगरानी तंत्रः एसडीएम अंकिता पुवार
सरपंचों, पटवारियों व कृषि विभाग के कर्मचारियों को दिए निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गांव स्तर पर बेहतर समन्वय और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने सरपंचों, पटवारियों, ग्राम सचिवों और कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ बैठक कर फसल अवशेष प्रबंधन की समीक्षा की।
एसडीएम ने कहा कि सभी संबंधित टीमें आपसी तालमेल से काम करें और किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक करें। कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों और उपलब्ध कृषि यंत्रों से पराली के उचित निस्तारण की जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है। किसी भी संभावित घटना की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने सभी विभागों को सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने और अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए।

Girish Saini

