सुपवा की कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना लुभा रही दर्शकों को

कलाकृतियां व रचनात्मक प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र।

सुपवा की कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना लुभा रही दर्शकों को

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक में आयोजित कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना मंगलवार से आम लोगों के अवलोकन के लिए खोली गई। ये प्रदर्शनी हर आयु के दर्शकों को आकर्षित कर रही है।

इस कला प्रदर्शनी में पेंटिंग, स्कल्प्चर, इंस्टॉलेशन आर्ट, फोटोग्राफी, ग्राफिक डिजाइन, एनिमेशन व पारंपरिक कलाओं सहित अनेक विधाओं के दो हजार से अधिक आर्ट वर्क्स प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें छात्रों की आधुनिक सोच व रचनात्मकता के साथ-साथ भारतीय संस्कृति व परंपराओं की झलक भी स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।

छात्र हर्षुल ने अपने आर्ट वर्क में पेड़ की टहनियों के टुकड़ों से प्यार (लव) शब्द की व्यापकता को दिखाने का प्रयास किया है। इस कला को उन्हें ट्विक्स आर्ट नाम दिया है। उन्होंने लकड़ियों के टुकड़ों से लव शब्द में इस्तेमाल होने वाले अक्षर बनाकर उन्हें तार से एक दूसरे से जोड़ा है। इसके लिए आसमान को कैनवास के रूप में इस्तेमाल किया गया है। आर्ट को ऊंचाई पर लटकाया गया है और जब आसमान की तरफ देखते हैं, तो शब्द दिखाई देते हैं।

कला प्रदर्शनी में छात्रों ने टाइपोग्राफी आर्ट में शानदार चित्र बनाए हैं। इसमें बिना लाइन खींचे, शब्दों से प्रसिद्ध हस्तियों के चित्र तैयार किए हैं। शब्दों में भी उन हस्तियों के नाम, उनकी बोली गई बातों का इस्तेमाल किया गया है। लता मंगेशकर के चित्र में उनके गीतों के शब्द हैं, तो रविंद्र नाथ टैगोर के चित्र में उनकी बातें हैं। यहां किशोर कुमार, शाहरुख खान, अनिल कपूर के साथ कई चर्चित हस्तियों के चित्र हैं।

फैकल्टी ऑफ डिजाइन की बिल्डिंग के कोर्ट यार्ड में तैयार किए गए स्टेज पर दर्शकों को मनोरंजन की डोज भी मिल रही है। रोज शाम साढ़े 6 से 8 बजे तक ओपन मंच पर छात्र अपनी प्रस्तुति देते हैं। यहां बने रैंप हॉल में पेंटिंग सेकंड ईयर के छात्रों ने पीओपी की मदद से जोमेट्रिकल पैटर्न तैयार किए हैं, जिन्हें सभागार की छत से लटकाया गया है।

प्रदर्शनी के अलग-अलग जगह पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट भी दर्शकों को खींच रहे हैं, जहां दर्शक खूब फोटो क्लिक करा रहे हैं। सुपवा के छात्रों ने प्रदर्शनी में हस्तनिर्मित वस्तुओं के कुछ स्टॉल भी लगाए हैं, जिनमें फूड स्टॉल के अलावा मेकअप व सजावटी सामान भी उपलब्ध है।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि वीरवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल इस कला प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचेंगे। इस दौरान वे फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के करीब 49 छात्रों को सम्मानित करेंगे। 19 बच्चों को बेस्ट आर्ट वर्क अवॉर्ड दिया जाएगा, जबकि 30 छात्रों को प्रशंसा पदक दिया जाएंगे।