सुपवा की शॉर्ट फिल्म ‘श्री’ ने लखनऊ फिल्म फेस्टिवल में जीता बेस्ट स्टूडेंट फिल्म अवॉर्ड

सामाजिक परंपराओं के बीच लड़कियों की आजादी का सवाल उठाती है फिल्म

सुपवा की शॉर्ट फिल्म ‘श्री’ ने लखनऊ फिल्म फेस्टिवल में जीता बेस्ट स्टूडेंट फिल्म अवॉर्ड

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) की शॉर्ट फिल्म ‘श्री’ ने लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट स्टूडेंट फिल्म का अवॉर्ड हासिल किया है। फिल्म समाज और परंपराओं के बीच लड़कियों की स्वतंत्रता एवं इच्छाओं से जुड़े सवालों को प्रभावशाली ढंग से उठाती है।

फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि वर्ष 2020 बैच के विद्यार्थियों ने इस फिल्म का निर्माण किया। निर्देशन के छात्र आयुष्मान शर्मा ने फिल्म का निर्देशन करने के साथ इसकी कहानी भी लिखी। फिल्म को अवॉर्ड के साथ ट्रॉफी और सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट प्रदान किया गया, जिसे सिनेमेटोग्राफर राज राजेश्वर ने ग्रहण किया। फिल्म की एडिटिंग अलीफ हुसैन, ऑडियोग्राफी काव्यांश अग्रवाल और आर्ट निर्देशन विशाल कुमार ने संभाला।

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुपवा की फिल्मों को लगातार पहचान और सम्मान मिलना संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे पुरस्कार विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और संस्थान में उपलब्ध फिल्म निर्माण की आधुनिक सुविधाओं का प्रमाण हैं। यह उपलब्धि युवा फिल्मकारों को सामाजिक सरोकारों पर सार्थक सिनेमा बनाने के लिए प्रेरित करेगी। कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने भी इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी।