जागरण फिल्म फेस्टिवल में आज छाएगी सुपवा की शॉर्ट फिल्म -जोगई परिवार
दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म -जोगई परिवार की स्क्रीनिंग शुक्रवार 21 अगस्त को दिल्ली में 14वें जागरण फिल्म फेस्टिवल में होगी। फिल्म का चयन शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में हुआ है। 14 शहरों में आयोजित होने वाले फेस्टिवल का आगाज वीरवार को दिल्ली से हुआ।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म -जोगई परिवार की स्क्रीनिंग शुक्रवार 21 अगस्त को दिल्ली में 14वें जागरण फिल्म फेस्टिवल में होगी। फिल्म का चयन शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में हुआ है। 14 शहरों में आयोजित होने वाले फेस्टिवल का आगाज वीरवार को दिल्ली से हुआ।
फिल्म की स्क्रीनिंग दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के समरसता ऑडिटोरियम में होगी। फिल्म एवं टेलीविजन फैकेल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि फिल्म को सुपवा के विद्यार्थियों ने तैयार किया है। इसका निर्देशन 2023 बैच के डायरेक्शन के छात्र अर्पित आनंद सिंह ने किया है। फिल्म में सुपवा के छात्र जितेंद्र, शिवम, मिताली, अरुण और मनखुश ने अभिनय भी किया है।
फिल्म के निर्माण में भी विद्यार्थियों की अहम भूमिका रही। मेंटर दीप्ति खुराना, एसोसिएट डायरेक्टर रजत सोंगरा और असिस्टेंट डायरेक्टर केशव बियानी, गौरव बुधवार, कृषांग सैनी व सान्या रहे। सिनेमैटोग्राफी अजय नेहरा, एडिटिंग गौरव बुधवार और साउंड डिजाइन अंशुल रोहिल्ला ने किया। आर्ट डायरेक्शन शीतल कुमारी तथा सेट डिजाइन रमाकांत महाजन ने संभाला।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि जागरण फिल्म फेस्टिवल दुनिया के प्रमुख ट्रैवलिंग फिल्म फेस्टिवल में शामिल है। इसका 14वां संस्करण 20 अगस्त से शुरू होकर 31 अक्टूबर तक देश के विभिन्न शहरों में चलेगा, जबकि पुरस्कार समारोह 1 नवंबर को होगा।
उन्होंने कहा कि -जोगई परिवार समाज और परिवार की वास्तविकताओं को सहज अंदाज में सामने लाती है। फिल्म के लिए कुछ छात्र कलाकारों ने कम समय में भोजपुरी भाषा भी सीखी। इससे पहले रूस के यारोस्लावल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल समेत कई मंचों पर फिल्म को सराहना मिल चुकी है।

Girish Saini 

