सुपवा का दूसरा दीक्षांत समारोह 4 मई को

760 विद्यार्थियों को राज्यपाल देंगे डिग्रियां।

सुपवा का दूसरा दीक्षांत समारोह 4 मई को

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक का दूसरा दीक्षांत समारोह 4 मई को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो असीम कुमार घोष करेंगे। इससे पहले वर्ष 2021 में विवि का पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था। पांच साल बाद हो रहे इस दीक्षांत समारोह में स्नातक एवं स्नातकोत्तर के 760 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दौरान 35 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इस दीक्षांत समारोह में फिल्म एंड टेलीविजन फैकल्टी के 2018 बैच के 42 विद्यार्थी भी डिग्री प्राप्त करेंगे। इन विद्यार्थियों की डिग्री कोर्स पूरा न होने के कारण अटकी हुई थी। इनका कोर्स पूरा कराने के लिए विवि प्रशासन ने विशेष रूप से 100 दिन का शूट शेड्यूल प्लान किया

कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि दीक्षांत समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। विवि परिसर को विशेष तौर से सजाया जा रहा है। समारोह की सफलता के लिए विभिन्न समितियां गठित की गई हैं। आयोजन का हिस्सा बनने के लिए सभी छात्रों व उनके अभिभावकों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि डीएलसी सुपवा कला एवं सांस्कृतिक शिक्षा देने वाला देश का एकमात्र ऐसा सरकारी विवि है, जहां संगीत, नृत्य, नाटक, ललित कला, प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर, डिजाइन, विजुअल आर्ट्स आदि की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है।