सुपवा के वीसी, रजिस्ट्रार ने किया दीक्षांत समारोह व अभिव्यंजना का पोस्टर लॉन्च

कला के विभिन्न आयामों की झलक दिखेगी अभिव्यंजना में, 4 मई को दीक्षांत समारोह में राज्यपाल 760 विद्यार्थियों को देंगे डिग्री।

सुपवा के वीसी, रजिस्ट्रार ने किया दीक्षांत समारोह व अभिव्यंजना का पोस्टर लॉन्च

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के कुलपति डॉ अमित आर्य व कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने शुक्रवार को विवि के द्वितीय दीक्षांत समारोह व 11वीं कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना का पोस्टर लॉन्च किया। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ अजय कौशिक, फैकल्टी कॉर्डिनेटर महेश टीपी, अजय बाहू जोशी, विनय कुमार व डॉ शैली खन्ना सहित अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद रहे।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि 4 मई को विवि परिसर में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में बतौर अध्यक्ष, महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो असीम कुमार घोष स्नातक व स्नातकोत्तर की सफलतापूर्वक पढ़ाई पूरी कर चुके 760 विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित करेंगे। इस दौरान 35 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, फिल्म एंड टेलीविजन फैकल्टी के 2018 बैच के 42 विद्यार्थियों को भी डिग्री प्रदान की जाएंगी, जिनकी डिग्री कोर्स पूरा न होने के कारण अटकी हुई थी।

कुलपति डॉ आर्य ने बताया कि दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं और विभिन्न आयोजन समितियों का गठन कर अलग-अलग जिम्मेदारी तय की गई है।

कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि डीएलसी सुपवा कला एवं सांस्कृतिक शिक्षा देने वाला देश का एकमात्र ऐसा सरकारी विवि है, जहां संगीत, नृत्य, नाटक, ललित कला, प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर, डिजाइन, विजुअल आर्ट्स आदि की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। यहां से शिक्षित छात्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुपवा परिवार, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये आयोजन सिर्फ डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि छात्रों के परिश्रम और समर्पण का सम्मान करने का मौका भी है।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि कला प्रेमियों के लिए प्रदर्शनी अभिव्यंजना की शुरुआत 3 मई को फैकल्टी ऑफ डिजाइन परिसर में होगी। प्रदर्शनी में स्कूल-कॉलेज के छात्रों, कला प्रेमियों व आम लोगों की एंट्री 5 मई को खुलेगी, जो 8 मई तक जारी रहेगी। फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स की 11वीं सालाना कला प्रदर्शनी में विजुअल आर्ट्स के स्नातक व स्नातकोत्तर के प्रथम वर्ष से अंतिम वर्ष तक के छात्र अपनी साल भर में तैयार की गई कलाकृतियों को प्रदर्शित करेंगे।

कुलपति ने बताया कि अभिव्यंजना में फैकल्टी ऑफ विजुअल आर्ट्स के विभिन्न विभागों एनिमेशन, मल्टीमीडिया, एप्लाइड आर्ट्स, पेंटिंग, स्कल्पचर और प्रिंटमेकिंग के छात्रों की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। पारंपरिक व आधुनिक कला शैलियों का यह संगम दर्शकों को विविध अनुभव प्रदान करेगा। डिजिटल आर्ट से लेकर क्लासिकल पेंटिंग और थ्री डायमेंशन स्कल्पचर तक, हर माध्यम की झलक यहां देखने को मिलेगी।