आईएचसी के मंच पर प्रस्तुतियां देंगे सुपवा के विद्यार्थी, एमओयू पर हस्ताक्षर
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) और नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर (आईएचसी) के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इससे सुपवा के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रतिष्ठित मंच मिलेगा।
सुपवा की कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा और आईएचसी निदेशक प्रो. केजी सुरेश ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। कुलपति डॉ. अमित आर्य और प्रो. सुरेश ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।
प्रो. सुरेश ने कहा कि इस साझेदारी से विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों को प्रशिक्षण, शोध तथा रचनात्मक गतिविधियों के नए अवसर मिलेंगे। इसके तहत संयुक्त प्रदर्शनियों, व्याख्यानों, कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि इस सहयोग से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और कला जगत के विशेषज्ञों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम में डीन अकादमिक डॉ. अजय कौशिक सहित फैकल्टी सदस्य और शिक्षक मौजूद रहे।

Girish Saini

