सुपवा के छात्रों ने रैंप पर बिखेरा फैशन का जलवा, ‘सूत्रम’ का भव्य समापन

47 छात्र-छात्राओं ने कैटवॉक और डांस के साथ पेश किए पारंपरिक और आधुनिक परिधान।

सुपवा के छात्रों ने रैंप पर बिखेरा फैशन का जलवा, ‘सूत्रम’ का भव्य समापन

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में जारी तीन दिवसीय डिजाइन फेस्टिवल -सूत्रम का शुक्रवार शाम फैशन शो के साथ शानदार समापन हुआ। रैंप पर उतरे सुपवा के 47 छात्र-छात्राओं ने प्रोफेशनल मॉडल्स की तरह आत्मविश्वास से कैटवॉक करते हुए अपनी डिजाइन प्रतिभा और प्रस्तुति कौशल का प्रभाव छोड़ा। पारंपरिक से लेकर आधुनिक भारतीय परिधानों में सजे विद्यार्थियों की हर प्रस्तुति पर रैंप हॉल तालियों से गूंजता रहा।
डिजाइन बिल्डिंग के रैंप हॉल में आयोजित फैशन शो में समाजसेवी राजेश जैन, सीडीएलयू सिरसा के कुलपति प्रो. विजय कुमार और समाजसेविका सौम्या ग्रोवर ने बतौर विशेष अतिथि शिरकत की। कुलपति डॉ. अमित आर्य ने अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा भी इस मौके पर मौजूद रही।

फैशन शो का आगाज दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद रैंप पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। करीब दो घंटे चले शो में तीन अलग-अलग राउंड में विद्यार्थियों ने डिजाइन किए गए परिधानों को पेश किया। पिछले कई दिनों से प्रोफेशनल कोरियोग्राफरों के मार्गदर्शन में चल रही उनकी तैयारी का असर कैटवॉक में साफ दिखाई दिया।

फैशन शो के अलग-अलग राउंड के बीच विवि विद्यार्थियों ने राजस्थानी, हरियाणवी और पंजाबी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भरे। रंगीन रोशनी, संगीत की बीट्स और रैंप पर सधे कदमों ने माहौल को जीवंत बनाए रखा। विद्यार्थियों की सीधी मुद्रा, आत्मविश्वास, आई कॉन्टेक्ट और चेहरे के भावों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।

इस शो की सबसे खास बात यह रही कि रैंप पर प्रदर्शित किए गए कॉस्टयूम और आउटफिट भी सुपवा के विद्यार्थियों ने ही तैयार किए थे। यानी डिजाइनिंग से लेकर उसे रैंप पर पेश करने तक की पूरी प्रक्रिया विद्यार्थियों की रचनात्मकता और मेहनत का परिणाम रही। विशेष रूप से तैयार परिधानों में विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी डिजाइन सोच को दर्शकों के सामने रखा।

दर्शकों को शो की हर प्रस्तुति करीब से देखने का मौका मिले, इसके लिए रैंप हॉल के बाहर बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर फैशन शो का लाइव प्रसारण किया गया। इस भव्य आयोजन के साथ -सूत्रम ने कला, डिजाइन, फैशन और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन दिवसीय सफर संपन्न किया।