सुपवा के छात्रों ने गुजरात में समझी स्थापत्य कला की बारीकियां
भुज-अहमदाबाद में ऐतिहासिक विरासत से आधुनिक निर्माण तक का किया अध्ययन
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के आर्किटेक्चर के 40 विद्यार्थी इन दिनों 12 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर गुजरात में वास्तुकला और भवन नियोजन की बारीकियां सीख रहे हैं। पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने भुज और अहमदाबाद में ऐतिहासिक विरासत तथा आधुनिक निर्माण कला के अनूठे संगम का अध्ययन किया।
फैकल्टी ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के एफसी अजयबाहू जोशी के नेतृत्व में इस भ्रमण की शुरुआत भुज के स्मृति वन संग्रहालय से हुई, जहां विद्यार्थियों ने वास्तुकला के माध्यम से इतिहास और स्मृतियों के प्रस्तुतीकरण तथा आधुनिक प्रदर्शनी व्यवस्था को समझा। अहमदाबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन में उन्होंने डिजाइन शिक्षा, नवाचार और स्थानों के रचनात्मक उपयोग का अवलोकन किया।
विद्यार्थियों ने कच्छ की टेंट सिटी और धौलावीरा में स्थानीय जलवायु के अनुरूप निर्माण तथा प्राचीन नगर नियोजन का अध्ययन किया। वहीं, प्रसिद्ध वास्तुकार बीवी दोशी के संगत परिसर में प्राकृतिक प्रकाश, वेंटिलेशन, निर्माण सामग्री और लैंडस्केप के बेहतर समन्वय को समझा।
एफसी जोशी के अनुसार, भ्रमण से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के म्यूजियम डिजाइन प्रोजेक्ट में उपयोगी साबित होंगे।

Girish Saini

