सुपवा की छात्रा मान्या ग्रामीण विकास मंत्रालय में इंटर्नशिप के लिए चयनित

ओडिशा की प्रसिद्ध पिपली कारीगरी पर रहेगा फोकस।

सुपवा की छात्रा मान्या ग्रामीण विकास मंत्रालय में इंटर्नशिप के लिए चयनित

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक की छात्रा मान्या का चयन ग्रामीण विकास मंत्रालय की समर इंटर्नशिप के लिए हुआ है। चयनित छात्रा मान्या विवि के डिजाइन फैकल्टी के टेक्सटाइल डिजाइन विभाग के चौथे सेमेस्टर में अध्ययनरत है।

टेक्सटाइल डिजाइन के विभागाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के तत्वावधान में होने वाली समर इंटर्नशिप को बेहद प्रतिष्ठित माना जाता है। मान्या का चयन रिज्यूमे स्क्रीनिंग, पोर्टफोलियो मूल्यांकन, शॉर्टलिस्टिंग और इंटरव्यू जैसी कड़ी प्रक्रिया से गुजरने के बाद हुआ है। इंटर्नशिप के दौरान वह पिपिलीक महिला हस्तशिल्प के साथ परंपरागत शिल्प विकास व ग्रामीण आजीविका पहल पर केंद्रित विशेष कार्यक्रम के तहत काम करेंगी। इंटर्नशिप में विशेष रूप से ओडिशा की प्रसिद्ध पिपली कारीगरी पर फोकस रखते हुए पारंपरिक हस्तकला व समकालीन डिजाइन प्रथाओं के बीच संबंध को मजबूत करने का काम करेगी। इंटर्नशिप के दौरान मान्या डिजाइन हस्तक्षेप, कौशल विनिमय, उत्पाद विकास और दस्तावेजीकरण व अनुसंधान के क्षेत्रों में अपना योगदान देगी।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्रालय की यह पहल ग्रामीण कारीगरों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व दीनदयाल अंत्योदय योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए चलाई जाती है, जिसमें समर इंटर्नशिप के जरिए युवा अपनी रचनात्मक प्रतिभा को सतत ग्रामीण विकास कार्यक्रमों में शामिल कराते हैं। कुलपति डॉ आर्य ने कहा कि छात्रों की इस तरह की उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनती हैं।