इटली में अंग्रेजी थियेटर के गुर सीखेगा सुपवा का छात्र एवं अभिनेता तोशाब
दुनिया भर से मात्र 12 लोग चयनित।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के अभिनय विभाग के पूर्व छात्र व बॉलीवुड अभिनेता तोशाब अब इटली में अंग्रेजी थियेटर की बारीकियां सीखेंगे। तोशाब का चयन वेनिस स्थित दुनिया के प्रसिद्ध बिएन्नाले कॉलेज थिएट्रो 2026 के लिए हुआ है। मूल रूप से बावल (रेवाड़ी) निवासी तोशाब अभी तक कई बॉलीवुड फिल्मों व वेब सीरीज में अपने अभिनय की छाप छोड़ चुके हैं।
कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने बताया कि विवि के 2015 बैच के एक्टिंग ग्रेजुएट कोर्स के छात्र तोशाब बागड़ी यहां से अभिनय में डिग्री के उपरांत जापान में क्योटो फिल्ममेकर लेबोरेटरी में दाखिला लिया, जहां उन्होंने एक्टिंग व फिल्म मेकिंग की उन्नत तकनीक सीखीं। इसके बाद से तोशाब बतौर अभिनेता फिल्म उद्योग से जुड़े हैं। वे जॉन अब्राहम के साथ हिंदी फिल्म वेदा के अलावा ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव के लिए अनदेखी, अमेजन प्राइम के लिए अधूरा, स्टेज एप के लिए तोता, मेवात, अंडा गैंग आदि में अपने अभिनय का प्रदर्शन कर चुके हैं। कुलसचिव ने बताया कि तोशाब दुनियाभर के उन मात्र 12 अभिनेता/अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्हें बिएन्नाले कॉलेज थिएट्रो में हॉलीवुड की दिग्गज हस्तियां थियेटर का प्रशिक्षण देंगी।
कुलपति डॉ अमित आर्य ने बताया कि इस ट्रेनिंग प्रोग्राम को ऑस्कर नामांकित प्रसिद्ध अभिनेता विलेम डैफो ने डिजाइन किया है, जो बिएन्नाले कॉलेज में थिएटर विभाग के आर्टिस्टिक डायरेक्टर भी हैं। तोशाब सहित चयनित अभिनेता, अभिनेत्रियों को चार सप्ताह तक बतौर मेंटर विश्व प्रसिद्ध हॉलीवुड चेहरे विलेम डैफो, एवेन्गेलिया व मैरी रैंटू, हॉलीवुड एक्टर साइमन मैकबर्नी और फिल्म मेकर सिल्विया कोस्टा थियेटर के लिए प्रशिक्षित करेंगे। कुलपति डॉ आर्य ने बताया कि मेंटर्स द्वारा संचालित गतिविधियों के साथ ही ये अभिनेता विश्व प्रसिद्ध बनने के लिए स्वतंत्र, व्यक्तिगत व सामूहिक अध्ययन भी करेंगे। इसके साथ ही 7 से 21 जून तक तोशाब समेत सभी 12 प्रतिभागी 54वें अंतर्राष्ट्रीय थिएटर फेस्टिवल में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि ये उपलब्धि समस्त सुपवा परिवार के लिए अत्यंत गर्व की बात है।

Girish Saini 

