13वें कट.इन फिल्म फेस्टिवल में सुपवा की फिल्म को मिला स्पेशल ज्यूरी अवार्ड

ए फ्लाइट ऑफ द लॉस्ट ड्रीमी बर्ड जीवंत करती है बचपन की अनुभूति।

13वें कट.इन फिल्म फेस्टिवल में सुपवा की फिल्म को मिला स्पेशल ज्यूरी अवार्ड

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म - ए फ्लाइट ऑफ द लॉस्ट ड्रीमी बर्ड को मुंबई में आयोजित 13वें कट.इन फिल्म फेस्टिवल में स्पेशल ज्यूरी अवार्ड से नवाजा गया। सुपवा के छात्र चमन रमेश कृष्ण द्वारा निर्देशित इस करीब 13 मिनट की फिल्म में बचपन, स्थान व भावनाओं के संदर्भ में खोने की अनुभूति को जीवंत किया गया है।

टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई (टीआईएसएस) द्वारा द स्कूल ऑफ मीडिया एंड कल्चरल स्टडीज, चेंबूर में 13वें कट.इन स्टूडेंट्स फिल्म फेस्टिवल, 2026 का आयोजन किया गया।

अवार्ड जीत कर वापस लौटे छात्र चमन रमेश कृष्ण व उनके सहयोगी छात्रों ने कुलपति डॉ अमित आर्य व कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा सहित अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। छात्रों ने इस अवार्ड का श्रेय विवि में फिल्म एवं टेलीविजन के छात्रों के मिल रही विश्व स्तरीय सुविधाओं को देते हुए विवि प्रशासन का आभार जताया।

कुलपति डॉ अमित आर्य ने छात्रों के बधाई देते हुए कहा कि ये विवि परिवार के लिए गर्व की बात है कि यहां बनी फिल्में देश-दुनिया में अवार्ड जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसा फिल्म फेस्टिवल नहीं है, जहां सुपवा की फिल्मों की स्क्रीनिंग न होती हो और अवार्ड हासिल न होता हो। कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने भी छात्रों को बधाई व शुभकामनाएं दी।

2018 बैच के छात्र चमन रमेश कृष्ण ने बताया कि ए फ्लाइट ऑफ द लॉस्ट ड्रीमी बर्ड (हरे पत्ते के रंग की पतरंगी और कहीं खो गया नाम का लड़का) ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता साहित्यकार विनोद कुमार शुल्क की कहानी का दृश्यात्मक चित्रण है। उल्लेखनीय है कि 13वें कट.इन स्टूडेंट्स फिल्म फेस्टिवल, 2026 का आगाज इस फिल्म के साथ ही हुआ। इस प्रायोगिक फिल्म की प्रस्तुति पर जादुई यथार्थवाद का स्पष्ट प्रभाव है। साहित्य से अनुकूलित, फिल्म की कथा शैली भी प्रायोगिकता का हिस्सा है। इस फिल्म को तैयार करने में तमाम योगदान सुपवा के छात्रों का ही रहा। इसके सिनेमेटोग्राफर सन्नी सोहल, साउंड प्रणव मंगला, एडिटर आशीष पटेल, कॉस्ट्यूम अर्चित डबास व नैंसी नेगी, आर्ट विपिन कुमार, कलर सलिक वगास, प्रोडक्शन डिजाइनर सचिन हाडा रहे। वहीं, कोमल, चंदन व चमन राजौरा ने अभिनय किया है।