सुनील ग्रोवर बने लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष
लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और तपस्या को कभी भुलाया नहीं जा सकताः प्रो.रामविलास शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामविलास शर्मा ने आपातकाल स्मृति को लेकर पार्टी कार्यालय "मंगल कमल" में लोकतंत्र सेनानियों के साथ एक बैठक की, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व हरियाणा इकाई के संरक्षक गोविंद भारद्वाज ने की। इस बैठक में लोकतंत्र सेनानी संघ का गठन भी किया गया। रेवाड़ी के सुनील ग्रोवर को संघ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। गुलशन भाटिया व ललित बत्रा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रामअवतार सिंगल को प्रदेश महामंत्री और सुशील जैन को कोषाध्यक्ष चुना गया है।
बैठक उपरांत पत्रकारों से बातचीत में प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोकतंत्र सेनानियों के त्याग-तपस्या और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार द्वारा सम्मान निधि देने की सराहना की। प्रो. शर्मा ने उपस्थित लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) को संबोधित करते हुए लोकतंत्र सेनानी शेर-ए-हरियाणा स्व. डॉ मंगल सेन सहित अन्य लोकतंत्र सेनानियों को याद करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र को बचाने के लिए लोकतंत्र सेनानियों ने काफी कष्ट उठाया। इस दौरान प्रदेश कार्यालय सचिव गुलशन भाटिया, भाजपा नेता ललित बत्रा, पूर्व चेयरमेन गोविंद भारद्वाज, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।