जीजेयू की शोधार्थी सुनिधि करेगी अमेरिकी विवि में अंतर्राष्ट्रीय शोध, 7000 अमेरिकी डॉलर की फेलोशिप मिलेगी
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के भौतिकी विभाग की शोधार्थी सुनिधि का चयन अमेरिका की प्रतिष्ठित मिशिगन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में पांच माह के शोध कार्य के लिए हुआ है। इस शोध प्रवास के दौरान उन्हें विवि की ओर से 7,000 अमेरिकी डॉलर की फेलोशिप भी प्रदान की जाएगी।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने इस उपलब्धि पर सुनिधि, उनके शोध निर्देशक तथा भौतिकी विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल सुनिधि के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, बल्कि विवि के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय शोध अवसर विवि के वैश्विक शोध सहयोग, अकादमिक प्रतिष्ठा तथा अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग को नई गति प्रदान करेंगे। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी सुनिधि को बधाई दी।
फैकल्टी ऑफ फिजिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की डीन प्रो. सुजाता सांघी व भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. राजेंद्र कुंडू ने इसे विभाग के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भौतिकी विभाग के सह-प्राध्यापक एवं पीएचडी पर्यवेक्षक डॉ. हरदेव सैनी ने बताया कि सुनिधि अमेरिकी विवि में कंप्यूटेशनल इन्वेस्टिगेशन ऑफ ऑप्टिकल प्रॉपर्टीज ऑफ ग्रेफीन-बेस्ड फ्लेक्स विषय पर शोध करेंगी। इस परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक कम्प्यूटेशनल तकनीकों की सहायता से ग्राफीन आधारित नैनो-संरचनाओं के आकार, आंतरिक संरचना तथा इलेक्ट्रॉनिक गुणों में होने वाले परिवर्तनों का उनके प्रकाशीय व्यवहार पर प्रभाव अध्ययन किया जाएगा। यह शोध भविष्य में उच्च दक्षता वाले ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, लचीले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों तथा अगली पीढ़ी की सौर ऊर्जा तकनीकों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
Girish Saini 


