गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर के हिंदी विभाग में श्री गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम का सफल आयोजन
अमृतसर: अखिल भारतीय साहित्य परिषद, पंजाब तथा प्रेमचंद हिंदी साहित्य परिषद्, हिंदी- विभाग, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर के संयुक्त तत्वावधान में 29/07/26 को श्री गुरु पूर्णिमा का आयोजन प्रो. सुनील की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत विभाग के शोधार्थी श्री अभिजीत सिंह तोमर के वक्तव्य से शुरू किया गया जिसमें उन्होंने गुरु पूर्णिमा का ऐतिहासिक महत्व बताते हुएं भारत में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। शोधार्थी अमरदीप सिंह ने भी श्री गुरु पूर्णिमा के पावन उपलक्ष्य में अपने महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। इनके पश्चात एम. ए. प्रथम की छात्रा सुश्री प्रभ कौर ने अपने जीवन अनुभव पर आधारित जीवन में गुरु के महत्व और आज की युवा पीढ़ी को गुरु के आदर्शों के प्रति समर्पित होने की बात कही। पीजीडीटी की छात्रा ईशा ने अपनी कविता के माध्यम से कार्यक्रम में एक नई ऊर्जा भर दी। एम.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा सुश्री शोभा ने अपने वक्तव्य में सभी छात्रों को गुरु की सीख पर चलने और उनका अनुसरण करते रहने की बात की। कार्यक्रम के अंत में अखिल भारतीय साहित्य परिषद, पंजाब के प्रांतीय अध्यक्ष प्रो. सुनील जी ने सनातन परंपरा से चली आ रही गुरु शिष्य परम्परा का बखूबी वर्णन किया। उन्होंने अपने जीवनकाल के अनुभवों को छात्रों के साथ सांझा किया। उन्होंने बताया कि छात्रों के केवल अधिकार ही नहीं होते हैं, बल्कि उनके कुछ कर्तव्य भी होते हैं। उन्होंने कर्तव्य बोध को राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में प्रचारित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। गुरु और राष्ट्र के संदर्भ में हमेशा इन्हें भी याद रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन हिंदी-विभाग के शोधार्थी मुकेश कुमार ने किया। उन्होंने श्री गुरु पूर्णिमा की परंपरा और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विभाग के अध्यापकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
यह आयोजन साहित्य, शोध और सामाजिक चिंतन के क्षेत्र में एक महत्त्वपूर्ण शैक्षणिक पहल के रूप में अत्यंत सफल एवं सार्थक रहा।
City Air News 

