सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने पर सफलता अवश्य मिलेगीः डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान

अधिकारियों ने सीखे जीआईएस के गुर।

सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने पर सफलता अवश्य मिलेगीः डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। आधुनिक तकनीक, विशेषकर जीआईएस आधारित प्रणाली के माध्यम से ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी संभव है। इससे पारदर्शिता बढ रही है और योजनाओं का लाभ आमजन तक तेजी और सटीकता के साथ पहुंच रहा है। ये विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने वीबी जी- राम जी के अंतर्गत युक्त धारा द्वारा ग्राम पंचायतों की जीआईएस आधारित निगरानी विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. कमलदीप सांगवान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपने दायित्वों को अधिक दक्षता से निभाने के लिए सक्षम बनाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का व्यवहारिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया, ताकि ग्रामीण विकास को नई दिशा मिल सके।

निदेशक डॉ. चौहान ने हिंदी भाषा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यों में हिंदी का ही प्रयोग किया जाना चाहिए, जिससे आम जनता तक योजनाओं की जानकारी सरलता से पहुंच सके। उन्होंने प्रतिभागियों से कहा  कि वे कार्यक्षेत्र में आने वाली चुनौतियों से घबराने की बजाय उनका डटकर सामना करे। उन्होंने कहा कि चुनौतियां ही व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं और हर समस्या अपने साथ समाधान का रास्ता भी लेकर आती है। सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने पर कोई भी बाधा हमें सफलता प्राप्त करने से नहीं रोक सकती।

इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान से सलाहकार अब्दुल मुईद एवं वरिष्ठ सलाहकार गुरबिंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।